आगरा से मंडल अध्यक्ष कपिल राजपूत के नेतृत्व में ‘करहल जनसभा’ में शामिल हुए कार्यकर्ता
1 min read
आगरा से मंडल अध्यक्ष कपिल राजपूत के नेतृत्व में ‘करहल जनसभा’ में शामिल हुए कार्यकर्ता
आगरा। जबरदस्त बारिश के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मैनपुरी के करहल में आज विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सपा को निशाने पर रखा। राजभर ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव अब पीडीए और जाति जनगणना की बात कर रहे हैं। जब वह और उनके पिता मुख्यमंत्री थे, तब इसकी याद क्यों नहीं आई थी? उन्होंने माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाने को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने पीडीए नहीं, पांडे डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई है। चाचा शिवपाल सिंह यादव को छोड़कर पांडे जी को नेता बना दिया। राजभर ने कहा कि जाति जनगणना केवल भाजपा ही करा सकती है, दूसरों को इसके नाम पर वोट चाहिए।
करहल के माया रिसोर्ट में आयोजित जनसभा में ओमप्रकाश राजभर दोपहर साढ़े 12 बजे पहुंचे। उनके पहुंचते ही तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच में ही उन्होंने संबोधन दिया, कार्यकर्ता भी डटे रहे। जनसभा में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। कहा कि प्रदेश की सभी जातियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। विरोधी जाति जनगणना की बात करते हैं। इससे पहले बसपा और सपा की सरकारें रही थीं, तब उन्होंने इसकी बात नहीं की।
राजभर ने कहा कि हमारे समाज को तो इनकी सरकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ही नहीं दिया। मायावती चार बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहीं, तब अंबेडकर ग्राम विकास योजना में 14 योजनाएं चलती थीं, वह भी केवल लिए दलितों के लिए। इसलिए हम उनसे अलग हुए और दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक निषाद, कुम्हार, मल्लाह आदि जातियों की आवाज बनकर सरकार में काम कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले समय में करहल विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव होना है। उपचुनाव में पार्टी को भारी मतों से विजयी बनाना है।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप एवं आगरा मंडल अध्यक्ष कपिल राजपूत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजभर का माल्यार्पण एवं मुकुट पहनाकर जोरदार स्वागत अभिनंदन किया। मंडल अध्यक्ष कपिल राजपूत के नेतृत्व में आगरा एवं आसपास के जिलों से भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप, आगरा मंडल अध्यक्ष कपिल राजपूत, ऊषा शाक्या राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, सौरभ कश्यप जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य राजेश खटीक, आकाश कश्यप, सीमा कश्यप जिलाध्यक्ष मैनपुरी, पायलट देवेंद्र शाक्य प्रदेश महासचिव, ब्रजेश कश्यप, नारायण सिंह आदि पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।