Cybar Express

Newsportal

वरुणावतार भगवान झूलेलाल जयंती आज, व्यापक तैयारियां

1 min read

वरुणावतार भगवान झूलेलाल जयंती आज, व्यापक तैयारियां

-शहर भर की मोहल्ला पंचायतों से निकलेंगी झांकियां

-मुख्य शोभायात्रा घटिया से निकलेगी शाम छह बजे

-मार्ग में भव्य स्वागत की तैयारियां, जगह-जगह होगी पुष्प वर्षा

आगरा। वरुणावतार भगवान झूलेलाल की जयंती आज नौ अप्रैल को मनाई जा रही है। इसे लेकर शहर भर में उत्साह का माहौल है। झूलेलाल जयंती के मौके पर मुख्य शोभायात्रा निकलेगी, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करेगी। सिंधी सेंट्रल पंचायत की तरफ से मुख्य आयोजन हो रहा है। शहर भर की ढाई दर्जन मोहल्ला पंचायतें आयोजन में सहयोग कर रही हैं। मोहल्ला पंचायतों की झांकियां अपने-अपने क्षेत्रों से निकलेंगी और घटिया स्थित ताज प्रेस क्लब पर पहुंचकर मुख्य शोभायात्रा में शामिल हो जाएंगी। शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। बाजार कमेटियों की तरफ से पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर जगह-जगह भंडारे भी आयोजित किए गए हैं। सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी के अनुसार मुख्य शोभायात्रा का उद्घाटन सायंकाल चार बजे हरियाली वाटिका पर होगा। इसके लिए अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। सायंकाल छह बजे से झांकियां निकलेंगी।
भगवान झूलेलाल शोभायात्रा घटिया से शुरू होकर गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार, फौव्वारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, चिम्मन चौराहा होते हुए दरेसी एक, दो और तीन होते हुए हाथीघाट पर समाप्त होगी। यहां ज्योति विसर्जन कार्यक्रम होगा। सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, घनश्यामदास देवनानी, परमानंद आतवानी, सूर्यप्रकाश, जयरामदास होतचंदानी, नंद लाल आयलानी, मेघराज दियालानी, सुशील नौतनानी, राज कोठारी, श्यामलाल रंगनानी, प्रकाश केसवानी, किशोर बुधरानी, जगदीश डोडानी, राजू खेमानी, अशोक पारवानी, भजनलाल प्रधान, अमृत मखीजा, नरेश देवनानी, दीपक आतवानी, राजीव नागरानी, दर्शन दवानी, अशोक चावला, रोहित आयलानी, उमेश पेरवानी, जतिन लालवानी आदि ने भगवान झूलेलाल जयंती की शहर भर को शुभकामनाएं दी हैं और शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।
*शोभायात्रा में दिखेगी अयोध्या के श्रीराम मंदिर की झांकी*
आगरा। वरुणावतार भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा में तीन दर्जन से अधिक झांकियां शामिल होंगी। इनमें श्रीराम मंदिर की झांकी बेहद खास रहेगी। एक दर्जन से अधिक डीजे पार्टियां और कई बैंड शोभायात्रा में शामिल होंगे। मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी ने बताया कि माता हिंगलाज, सांई टेहूराम, स्वामी लीलाशाह महाराज की झांकिया विशेष रहेंगी। भगवान झूलेलाल शोभायात्रा में घोड़े पर सवार दिखाई देंगे। इसके अलावा राम दरबार, शिव परिवार, गणेशजी, खाटू श्यामजी, जगन्नाथ, महाकाल, भारत माता आदि की झांकिया दिखाई देंगी। चार खास मंडलियां शोभायात्रा के लिए बुलाई गई हैं, जो शोभायात्रा में भजन-कीर्तन करते हुए चलेंगी।
*सुरक्षा व्यवस्था की कमान थामेंगे युवा*
आगरा। भगवान झूलेलाल जयंती शोभायात्रा में सुरक्षा व्यवस्था की कमान युवाओं के हाथों में रहेगी। मोंटू करीरा, महेश नारायणी और उनकी 50 लोगों की टीम विशेष ड्रेस कोड में शोभायात्रा के साथ रहेगी। टीम के सदस्यों को वॉकी-टॉकी प्रदान किए गए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *